PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) और बाल कल्याण समिति (CWC) ने शुक्रवार को एक हॉस्टल का निरीक्षण किया। इस जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें पंजीकरण नहीं होना और छह बच्चों के यौन शोषण का खुलासा शामिल है।
यह जांच एक छात्र के साथ यौन शोषण की ईमेल से मिली शिकायत के आधार पर की गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कुल छह बच्चों का यौन शोषण किया गया था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव को मिली शिकायत में बताया गया था कि एक छात्र का यौन शोषण किया गया, जिसके बाद उसे सिरोही के जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, छात्रावास प्रबंधन ने शुरुआती पूछताछ में यह बात छिपाने की कोशिश की।
DLSA और CWC ने दो कंप्यूटर जब्त कर पुलिस को सौंप दिए हैं। इसके अतिरिक्त पिछले एक सप्ताह के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
महिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रतन बाफना और सदस्य प्रताप सिंह ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह ने डीएसपी मुकेश चौधरी और थाना अधिकारी कैलाश दान को निगरानी रखने के लिए भी कहा है।


