PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फर्जी टोल वसूली मामले में सर्वे शुरू किया है। यह कार्रवाई अनादरा चौराहे पर व्यवसायी महेंद्र कुमार टांक के घर पर की जा रही है। मौके पर CRPF के जवान मौजूद हैं और घर के अंदर दस्तावेजों की जांच चल रही है।
सुबह से सिरोही के अनादरा चौराहा इलाके में हलचल है। ED की टीम ने फर्जी टोल कलेक्शन के मामले में व्यवसायी महेंद्र कुमार के घर पर दबिश दी है।
सूत्रों के अनुसार महेंद्र कुमार टोल वसूली के कारोबार से जुड़े थे। उन पर फर्जी तरीके से टोल वसूलकर करोड़ों की अवैध कमाई करने का आरोप है। ED इसी अवैध कमाई के मनी ट्रेल की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। CRPF के जवानों ने पूरे घर को घेर रखा है और किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं है। ED के अधिकारी बैंक स्टेटमेंट, प्रॉपर्टी के दस्तावेज, टोल एग्रीमेंट और लेन-देन से जुड़े कागजात की जांच कर रहे हैं।
इससे पहले ED की टीम ने शांतिनगर स्थित एक मकान में भी जांच की थी। अनादरा चौराहे पर यह दूसरी कार्रवाई है। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में कई और नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल, ED का सर्वे जारी है।


