PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-सिरोही जिले के रेवदर में कांडला हाईवे पर कार और बाइक की भिड़ंत हो गई थी। हादसे में बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़ा था। मौके से गुजर रहे बिजली विभाग के अधिकारी ने उसे अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे गुजरात के पालनपुर रेफर किया गया। रास्ते में ही युवक की मौत हो गई।
हेड कांस्टेबल गिरधारी सिंह ने बताया- सुबह कांडला हाईवे पर कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार प्रवीण (22) पुत्र रूपाराम मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
भीड़ वीडियो बनाती रही
हादसे के बाद मौके पर जमा भीड़ घायल का वीडियो बनाती रही। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे बिजली विभाग के एईएन मुकेश जीनगर वहां पहुंचे। सड़क पर घायल को तड़पता देख उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और बिना समय गंवाए युवक को अपने निजी वाहन में बैठाकर रेवदर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
विधायक भी मौके पर पहुंचे, पुलिस को दी सूचना
हादसे के दौरान रेवदर विधायक मोतीराम कोली भी वहां से गुजर रहे थे। घटना देखकर वे तुरंत मौके पर रुके और मंडार पुलिस को हादसे की सूचना दी। विधायक ने सड़क पर खड़े वाहनों और भीड़ को साइड करवाकर यातायात सुचारू करवाया।
हायर सेंटर रेफर किया, रास्ते में तोड़ा दम
घायल प्रवीण को रेवदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए गुजरात के पालनपुर ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


