PALI SIROHI ONLINE
सिरोही में 5100 हनुमान चालीसा केंद्र खुलेंगे:गोरक्षा, महिला सुरक्षा और सनातन जागरूकता के लिए गांव-गांव चलेंगे शौर्य वर्ग
सिरोही-अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद (अहिप) और राष्ट्रीय बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक अहिप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की केंद्रीय मंत्री माला बहन और राष्ट्रीय बजरंग दल जोधपुर प्रांत अध्यक्ष राकेश राजगुरू ने संगठन की गतिविधियों, हिंदू बहनों की सुरक्षा, गोरक्षा और युवाओं में सनातन के प्रति जागरूकता को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें रखीं।राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता पर जोर
अहिप की केंद्रीय मंत्री माला बहन ने कहा कि राजस्थान महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान जैसे वीरों की धरती है, जहां अनेक योद्धाओं ने जन्म लिया। उन्होंने भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने भेदभाव और जातिवाद को मिटाकर राष्ट्र की चिंता करने पर जोर दिया।छह महीने में 8 हिंदू बहनों को बचाने का दावा
राष्ट्रीय बजरंग दल जोधपुर प्रांत अध्यक्ष राकेश राजगुरू ने सिरोही और राजस्थान में हिंदू बहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बजरंग दल उनकी रक्षा के लिए हर समय तैयार रहता है। राजगुरू ने बताया कि पिछले छह महीनों में राष्ट्रीय बजरंग दल ने सिरोही जिले में 8 हिंदू बहनों को ‘लव जिहाद’ से बचाया और उन्हें सुरक्षित उनके माता-पिता को सौंपा है। उन्होंने गो माता की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
युवाओं को वीरों का इतिहास पढ़ाने पर जोर
राजगुरू ने कहा कि नई पीढ़ी को हिंदू वीरों का इतिहास और धर्म के मार्ग पर चलने का समय नहीं मिल पा रहा है। युवाओं को महाराणा प्रताप, झांसी की रानी और स्वामी विवेकानंद जैसे अनेक वीरों की जीवनी पढ़ानी होगी, अन्यथा आने वाली पीढ़ी अपना इतिहास भूल जाएगी।
20 जिलों में शौर्य प्रशिक्षण वर्ग
उन्होंने बताया कि जोधपुर प्रांत के 20 जिलों में राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा शौर्य प्रशिक्षण वर्ग लगाए गए हैं। इन वर्गों के माध्यम से युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, गो माता को राष्ट्र माता बनाने के लिए पूरे राजस्थान में 1 लाख हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।गांव-गांव लगाए जाएंगे शौर्य वर्ग और हनुमान चालीसा केंद्र
राजगुरू ने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। गांव-गांव में शौर्य वर्ग और हनुमान चालीसा केंद्रों के माध्यम से गांवों और जिलों में हिंदुओं में सनातन के प्रति जागरूकता लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बजरंग दल सिरोही और अन्य जिलों में साधु-संतों, गोरक्षा और हिंदू बहनों की रक्षा के लिए हमेशा आगे रहता है।
नए दायित्वों की भी घोषणा
बैठक के दौरान अहिप जिला महामंत्री नरेश अग्रवाल और जिला अध्यक्ष कुलदीप प्रजापति ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान संगठन में नए दायित्वों की घोषणाएं भी की गईं।


