PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध एवं आदर्श शिक्षा समिति सिरोही की ओर से संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में मातृशक्ति सम्मेलन-2026 आयोजित किया गया। इसमें जिलेभर से 255 से अधिक माताओं और बहनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कार, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता पर विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती, मां भारतीऔर ॐ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। आचार्य कालूराम ने अतिथियों का परिचय करवाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन भी उन्होंने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कविताओं की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित माताओं और बहनों का मन मोह लिया। समाजसेविका ललिता ने कहा कि आज की नारी अबला नहीं, बल्कि सबला है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनकर अपनी योग्यता और सामर्थ्य बढ़ाना चाहिए तथा जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना करना चाहिए। कार्यक्रम में व्यवस्थापक प्रदीप सिंह गोयल, सदस्य देवेंद्र डांगी और राजेश त्रिवेदी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। सहायक प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार, हरिसिंह सिंदल,भावेश, विक्रम कुमार, सुधा गुप्ता, विक्रम सिंह, प्रदीप सिंह,भरत कुमार और जितेंद्र कुमार सहित विद्यालय के आचार्य उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता साध्वी डॉ. संतोषविजया बाईसा ने कहा कि विद्या भारती राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत युवा पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व जीवन जीने की कला है और भारतीय संस्कृति में प्रत्येक नारी को मां के समान सम्मान देने की परंपरा रही है। इंद्रा खत्री ने कहा कि घर में धन, संपत्ति और अन्न का आगमन उचित साधनों से होना चाहिए। इससे परिवार में सद्गुणों का विकास होता है। पिंकी राजपुरोहित ने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है। राम, श्रवण कुमार और छत्रपति शिवाजी जैसे संस्कारवान एवं साहसी व्यक्तित्व तैयार करने के लिए माताओं को कौशल्या, जीजाबाई और सुनीति जैसे आदर्श अपनाने चाहिए।

