PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही नगर परिषद के सभापति चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ऋतु जैन ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 35 में से 30 पार्षदों के वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी पूजा माली को सिर्फ 5 वोट ही मिल पाए। परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।भाजपा के 5 पार्षदों की क्रॉस वोटिंग
चुनाव परिणाम से भाजपा के 5 पार्षदों की क्रॉस वोटिंग सामने आई। वहीं, दो निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस प्रत्याशी ऋतु जैन के पक्ष में मतदान किया। इन वोटों के चलते ऋतु जैन को 30 वोट मिले और उन्होंने सभापति पद पर जीत हासिल की।
सुबह 10 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया
सभापति चुनाव की प्रक्रिया राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के नवीन भवन में सुबह 10 बजे शुरू हुई। कांग्रेस के सभी प्रत्याशी सुबह करीब 10 बजे एक विशेष वाहन से स्कूल परिसर स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। इसके बाद पार्षदों ने बारी-बारी से सभापति पद के लिए अपने मत का प्रयोग किया।
11:30 बजे मतदान केंद्र पहुंचे भाजपा प्रत्याशी
भाजपा प्रत्याशी करीब 11:30 बजे मतदान केंद्र पहुंचे। प्रवेश से पहले उन्होंने अपना आधार कार्ड दिखाया। वहीं, दो पार्षदों के पास आधार कार्ड नहीं था। उनके मोबाइल में रखे आधार कार्ड देखकर उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया।
स्कूल को पुलिस ने चारों तरफ से घेरा
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस ने स्कूल भवन को चारों तरफ से घेररखा था। मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पूर्व विधायक लोढ़ा भी रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने निर्वाचित पार्षदों से बातचीत की और उनका हालचाल पूछा। नतीजे आने के बाद कांग्रेस खेमे में जीत का माहौल बन गया।

