
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-शिवगंज क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और अग्रिम संगठनों के जिला एवं नगर अध्यक्षों की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है और लोगों के वाजिब काम नहीं हो रहे हैं।
लोढ़ा ने कहा कि हर कार्य के लिए लोगों को सड़कों पर आकर संघर्ष करना पड़ रहा है। क्षेत्र में चोरी-लूट हो तो सड़क पर आओ, बच्चों की हत्या हो तो सड़क पर आओ, बहू-बेटियों से बलात्कार हो तो सड़क पर आओ। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन अपनी कोई जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है।
लोढ़ा ने बताया कि सिरोही क्षेत्र के विभिन्न मंडलों की बैठकें 21 और 22 अगस्त को आयोजित की जाएंगी। पाडीव मंडल, कृष्णगंज, बरलूट, कालंद्री, सिलदर और जावाल मंडल की बैठक 21 अगस्त को होगी। शिवगंज में कैलाशनगर, बागसीन, पालडीएम, पोसालिया, बडगांव मंडल और शिवगंज नगर मंडल की बैठक 22 अगस्त को होगी।
उन्होंने पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में जिला परिषद और पंचायत समितियां घोटालों के अड्डे बन गए हैं। लोढ़ा ने कहा कि अधिकारियों के भ्रष्टाचार को भाजपा का पूरा संरक्षण है, जिसके कारण अधिकारी बेखौफ होकर लूट मचा रहे हैं।शिवगंज पंचायत समिति के मांडानी में फॉर्म हाउस सड़क घोटाले के संबंध में लोढ़ा ने कहा कि वे अब एसीडी कोर्ट में मुकदमा दर्ज करवाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के अधिकारी और भाजपा के लोग इसमें शामिल होने के कारण मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
वाडाखेड़ा कंजर्वेशन रिजर्व के मामले पर लोढ़ा ने कहा कि उनकी सरकार ने इस संबंध में निर्णय लिया था। अगर भाजपा उससे सहमत नहीं है तो केंद्र और राज्य दोनों जगह उनकी सरकार है, वे उनके निर्णय को पलट दें।
इस अवसर पर सिरोही ब्लॉक अध्यक्ष रतनलाल माली, सिलदर मंडल अध्यक्ष रतन सिंह, कालंद्री मंडल अध्यक्ष शिवलाल घांची, पाडीव मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावल, बरलूट अध्यक्ष प्रताप मेघवाल, जावाल अध्यक्ष शैतान सिंह रावणा, कृष्णगंज अध्यक्ष गणपत सिंह, एनएसयूआई राष्ट्रीय संयोजक दशरथ नरूका, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रेणुलता व्यास, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश मीणा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चम्पालाल तिरगर।
शिवगंज ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रावल, पोसालिया अध्यक्ष नारायण रावल, कैलाशनगर अध्यक्ष तेजाराम मीणा, पालडीएम अध्यक्ष पन्नालाल चौहान, बडगांव अध्यक्ष नरपत सिंह दुभ्राना, बागसीन अध्यक्ष पूरण सिंह, शिवगंज नगर अध्यक्ष हनुमंत सिंह देवडा, पूर्व पालिका अध्यक्ष वजिंगराम घांची, वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह नून, किशोर सिंह जैला ने अपने विचार प्रकट किए


