
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही।उदयपुर-पालनपुर फोरलेन नेशनल हाईवे 27 पर हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। सिरोही जिले के पिंडवाड़ा-उदयपुर हाईवे स्थित ढागा घाटी में पहाड़ों से लगातार चट्टानें खिसक रही हैं।
इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है। चट्टानें सीधे सड़क पर गिरती हैं। इससे यातायात बाधित होता है और जान-माल का खतरा बना रहता है।
सुरक्षा के लिए न तो रिटेनिंग वॉल बनाई गई है और न ही पत्थर गिरने की चेतावनी वाले बोर्ड लगाए गए हैं। रात में कोई दुर्घटना होने पर उसकी जानकारी देर से मिलती है। घायल व्यक्ति की मदद के लिए कोई नहीं मिलता।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा दीवारें बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि हाईवे पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इससे यात्रियों की जान सुरक्षित रह सकेगी।