PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-आगामी सिरोही नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। राजमाता धर्मशाला रोड स्थित कांग्रेस के प्रधान चुनाव कार्यालय का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने किया।
लोढ़ा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने और घर-घर जाकर कांग्रेस की बात जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।उन्होंने प्रशासन पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पार्षद जितेंद्र सिंघी और कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर माली से जुड़े मामलों को लेकर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
प्रशासन पर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने का आरोप
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संयम लोढ़ा ने कहा कि सिरोही का प्रशासन भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक और संवैधानिक पदों की गरिमा गिराई जा रही है। लोढ़ा के मुताबिक, इससे पहले वरिष्ठ पार्षद जितेंद्र सिंघी को नोटिस देकर चुनाव में भाग लेने से रोकने की कोशिश की गई। वहीं, नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर माली को भी नोटिस जारी किया गया।पहले नो-ड्यू प्रमाण पत्र, फिर बकाया बताकर नामांकन रद्द
लोढ़ा ने सुंदर माली के नामांकन रद्द होने के मामले को लेकर कहा कि चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद उन्होंने नगर परिषद सिरोही से विधिवत नो-ड्यू प्रमाण पत्र लिया था। प्रमाण पत्र में स्पष्ट रूप से दर्ज था कि नगर परिषद की किसी भी शाखा में उनका कोई बकाया नहीं है। इसके बावजूद बाद में अचानक बकाया बताते हुए उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। लोढ़ा ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई गलत इरादे से की गई और इससे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।महिला प्रत्याशी को चुनाव से रोकने पर सवाल
लोढ़ा ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला आरक्षण और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ सिरोही में एक महिला प्रत्याशी के साथ अन्याय कर उसे चुनाव लड़ने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले का फैसला अब सिरोही की जनता करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
सफाई, सड़क और आवारा पशुओं को लेकर सरकार पर निशाना
लोढ़ा ने पिछले पौने तीन सालों में सिरोही शहर की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कें, आवारा पशुओं की समस्या और बुनियादी सुविधाओं को लेकर आम लोग परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकाल में सिरोही के विकास को गति देने का प्रयास किया गया था, लेकिन मौजूदा समय में शहर विकास के बजाय अव्यवस्थाओं का सामना कर रहा है।


