PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की कार्यकर्ताओं और क्लस्टर मैनेजरों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में सिरोही कलेक्टर को एक शिकायत पत्र सौंपा है और अनियमितताओं की जांच की मांग की है।
परिचितों के खातों में डाले पैसे
क्लस्टर मैनेजर गीता देवी, नीतू गर्ग, शांति देवी, जमुना देवी और आशा देवी ने कलेक्टर को दिए पत्र में बताया कि विभाग में कई गंभीर अनियमितताएं चल रही हैं। इनमें एफपीओ (FPO) के माध्यम से चेक क्लस्टर से उठाना और उन्हें वापस सीएलएफ (CLF) को उपलब्ध न करवाना शामिल है। यह प्रक्रिया पिछले 5-6 सालों से जारी है। इसके अलावा, प्रशिक्षण के नाम पर अपने ही परिवार के सदस्यों और परिचितों के खातों में पैसे डाले जा रहे हैं।
VPRP सर्वे में भी घोटाला
कार्यकर्ताओं ने वीपीआरपी (VPRP) सर्वे में भी घोटाले का आरोप लगाया। उनके अनुसार, सर्वे का पैसा वास्तविक सर्वेकर्ताओं को न देकर जान-पहचान वाली महिलाओं के खातों में डाला गया और उनसे गलत तरीके से सर्वे करवाया गया। डिजिटल कैंप जो 2022-23 में हुए थे, उनकी 8 लाख 10 हजार रुपए की राशि समूह की महिलाओं और स्टाफ से वापस नकदी के रूप में ली गई, जिससे फर्जी तरीके से कैंप आयोजित किए गए।
अजोला बीज खरीदने के नाम पर गड़बड़ी
शिकायत में यह भी बताया गया है कि एरिया कोऑर्डिनेटर द्वारा अपनी पत्नी को दूसरे जिले से आरपीआरपी (RPRP) और एमएनएलपी (MNLP) कैडर के रूप में अपने साथ लगाकर समूह से जोड़ा गया, जिससे उन्हें वेतन और एमसीएलपी (MCLP) का भुगतान मिला। आबू रोड ब्लॉक में चल रहे आईपीओ (IPO) की जांच की भी मांग की गई है, क्योंकि यहीं से अधिकतर फर्जी अजोला बीज खरीदने के नाम पर गड़बड़ी की जा रही है।
अधिकारी-कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कुछ अधिकारी-कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और अपने पद का दुरुपयोग कर कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। कई कर्मचारियों को बिना किसी वैध प्रक्रिया या विभागीय जांच के अनुचित रूप से सेवा से हटाया जा रहा है, जो सेवा नियमों के खिलाफ है। इन परिस्थितियों के कारण विभाग का कार्य वातावरण दूषित हो रहा है तथा ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मचारियों में अत्यधिक असंतोष और भय का माहौल उत्पन्न हो गया है।
कठोर कार्रवाई मांग
राजीविका कार्यकर्ताओं का कहना है कि विभाग में चल रहे भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कर कार्रवाई की जाए। बिना उचित प्रक्रिया के निकल गए कर्मचारियों के मामलों की समीक्षा की जाए। अधिकारियों कर्मचारियों पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। सभी कर्मचारियों के साथ न्यायपूर्ण पारदर्शिता पूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर क्लस्टर मैनेजर के साथ शांति देवी, नीता देवी कोमल कुंवर, हस्तु देवी वर्षा कुमारी ममता शारदा अलका नेनु देवी ममता शोभा कुमार मंजू शाहिद काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रही।
