बालदा पंचायत में विकास की रोशनीः मंत्री देवासी ने रोड लाइटों का किया उद्घाटन, सरपंच ने बताई 5 करोड़ की सुविधा
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-बालदा पंचायत में विकास कार्यों को लेकर उठे सवालों के बीच राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने राजपुरा, बालदा और मोटाल गांवों में रोड लाइटों का उद्घाटन किया। इस दौरान सरपंच मोहनसिंह ने पंचायत में करीब 5 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाने का दावा करते हुए जल जीवन मिशन, सड़क, स्कूल और पेयजल योजनाओं सहित कई परियोजनाओं की जानकारी दी। वहीं राज्यमंत्री देवासी ने कहाकि हर गांव का विकास उनकी प्राथमिकता है और किसी भी हाल में विकास कार्यों में कमी नहीं आने दी जाएगी।
तीनों गांवों में पहली बार दूधिया रोशनी
बालदा पंचायत के राजपुरा, बालदा और मोटाल गांवों में विधायक फंड से लगाई गई रोड लाइटों का उद्घाटन राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने किया। सरपंच मोहनसिंह ने बताया कि इन गांवों में पहली बार रात के समय दूधिया रोशनी की व्यवस्था हुई है, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। छात्र नेता वनेपाल सिंह द्वारा पंचायत में विकास कार्यों पर सवाल उठाने के बाद पंचायत प्रशासन ने विभिन्न योजनाओं के तहत हुए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा भी सामने रखा।
जल जीवन मिशन से हर घर तक पहुंचा पानी
सरपंच मोहनसिंह के अनुसार राजपुरा गांव में जल जीवन मिशन के तहत 1 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से पानी की टंकी का निर्माण करवाया गया है। इसके जरिए गांव के प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं।
ग्रामीणों को अब पेयजल संकट से काफी राहत मिली है और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पंचायत का दावा है कि इस योजना से गांव की बड़ी आबादी सीधे लाभान्वितहो रही है।
स्कूल में कमरे, सड़क और बच्चों के लिए पिंक टॉयलेट
राजपुरा स्कूल में भी कई विकास कार्य करवाए गए हैं। इनमें सीसी रोड निर्माण, दो नए कमरे, टीन शेड, मंच, ट्यूबवेल और हैंडपंप जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया गया है। स्कूल के लिए चार नए कमरों की स्वीकृति भी मिल चुकी है, जिससे भविष्य में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
चेक डैम, एनीकट और श्मशान भूमि के कार्य भी जारी
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के प्रयासों से बालदा पंचायत क्षेत्र में चेक डैम, एनीकट और रपट निर्माण जैसे कार्य भी करवाए गए हैं। पंचायत प्रशासन का कहना है कि इन कार्यों से जल संरक्षण और ग्रामीण सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा राजपुरा गांव में श्मशान भूमि के लिए जगह आवंटित कर दी गई है और जल्द ही वहां चारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
‘विकास रोककर सरकार को बदनाम करने की कोशिश’ देवासी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ओटाराम देवासीने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यक्रमों में बाधा डालकर भाजपा सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि जनता सब समझ चुकी है और विकास कार्यों में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा।
ग्रामीणों की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम
इस अवसर पर दलपतसिंह, सदाराम, बदराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर संतोष जताया।
