PALI SIROHI ONLINE
शिवगंज-शिवगंज | स्थानीय निकाय चुनाव में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार शाम पुलिस दल ने शिवगंज में फ्लैग मार्च निकाला। शाम 7:30 बजे शुरू हुए मार्च का नेतृत्व एसडीएम सर्वेश्वर निंबार्क ने किया।
इस दौरान डीएसपी पुष्पेंद्र वर्मा और थानाधिकारी ओमप्रकाश चौधरी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च थाने से रवाना होकर क्रांति चौराहा, पुराना बस स्टैंड, मुख्य बाजार, अग्रसेन सड़क नुक्कड़, आजाद चौक होते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों से गौशाला रोड पहुंचा। इसके बाद रोडवेज बस स्टैंड होते हुए पुलिस दल वापस थाने पहुंचा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य निकाय चुनाव के दौरान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना रहा। रात करीब 8:30 बजे मार्च का समापन थाने पर हुआ।


