PALI SIROHI ONLINE
शिवगंज-न्यायालय में शुरू हुआ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रिमोट प्वाइंट, अब ऑनलाइन दर्ज होंगे गवाहों के बयान
शिवगंज-न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और त्वरित बनाने की दिशा में शिवगंज न्यायालय में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) रिमोट प्वाइंट का शुभारंभकिया गया।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश अजय शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अंकुश भदौरिया ने इसका उद्घाटन किया। भदौरिया ने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से सरकारी एवं निजी गवाह संबंधित न्यायालय में वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने बयान दर्ज करा सकेंगे।
इससे डॉक्टरों, पुलिस अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों और अन्य गवाहों को बयान के लिए दूसरेशहर या न्यायालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी आएगी। उन्होंने बताया किराजस्थान हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शिवगंज तालुका न्यायालय में वीसी रिमोट प्वाइंट स्थापित किया गया है। अब अन्य न्यायालयों में लंबित मामलों से जुड़े अधिकारी, पक्षकार और गवाह भी व्यक्तिगत उपस्थिति के बिना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बयान दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए जिला एवं सेशन न्यायालय सिरोही की आधिकारिक वेबसाइट पर न्यायालयवार वीसी रिक्वेस्ट फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष मोहब्बत सिंह देवड़ा, थानाधिकारी ओमप्रकाश चौधरी, अभियोजन अधिकारी डूंगरसिंह राजपुरोहित, देवाराम, अंकिता राजपुरोहित सहित अधिवक्ता और न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे।


