PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-शिवगंज के काम्बेश्वर महादेव मंदिर के पास संत त्रिवेणी गिरी महाराज का दो-तीन दिन पुराना शव मिलने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे साधु-संत और ग्रामीण शिवगंज पुलिस थाने पहुंचे।
संतों ने मौत के पीछे हत्या की आशंका जताते हुए जल्द कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद साधु-संत सहमत होकर लौट गए। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भी लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया।
हत्या की आशंका जताकर धरने की दी थी चेतावनी
संत त्रिवेणी गिरी महाराज का शव मिलने के बाद साधु-संतों और ग्रामीणों में नाराजगी थी। उन्होंने मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर 10 अक्टूबर को धरने पर बैठने की चेतावनी दी थी। इसी सिलसिले में शनिवार को वे थाने पहुंचे और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एफएसएल रिपोर्ट के बाद आगे बढ़ेगी कार्रवाई
पुलिस की ओर से बताया गया कि एफएसएल रिपोर्ट आने में करीब एक महीने का समय लग सकता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने साधु-संतों को समझाया कि रिपोर्ट के बिना जल्दबाजी में कार्रवाई करना उचित नहीं होगा। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संत का सामान साधु-संतों को लौटाया
पुलिस ने संत त्रिवेणी गिरी महाराज के पास से मिले सामान में नकदी, चांदी की चिलम, माला और कड़ा उनके साथ के साधु-संतों को लौटा दिया।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन और पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की समझाइश के बाद साधु-संत वापस लौट गए। उन्होंने 11 नवंबर को दोबारा आने की बात कही।



