PALI SIROHI ONLINE
जालोर-सायला थाना पुलिस ने चौराऊ गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार चौराऊ निवासी संजय कुमार जैन ने 2 सितंबर को रिपोर्ट दी थी। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई 30 अप्रैल को मकान पर ताला लगाकर बाहर गए थे। संजय जब गांव लौटे तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला गायब मिला। अंदर कमरे में रखी दो तिजोरियों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर चांदी के बर्तन, सोने की बालियां व टॉप्स और नकदी गायब मिली। वहीं कैलाश कुमार के मकान से एलईडी भी चोरी की गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया के निर्देश पर एएसपी मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने चौराऊ निवासी देवाराम मेघवाल (28) और राजूराम मेघवाल (35) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल खेताराम और कॉन्स्टेबल अशोक कुमार औरबीरबलराम शामिल रहे।


