PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड़, सिरोही-सिरोही पुलिस ने आबूरोड के एक होटल से संदिग्ध महिला को पकड़ा है। यह कार्रवाई विदेशी नागरिकों के निष्कासन और अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपना नाम रूमा अख्तर (36) पुत्री मोहम्मद अबुल बशर चौधरी बताया। उसने खुद को बांग्लादेश के ढाका के गुलशन मॉडल टाउन स्थित दक्षिण बट्टा की रहने वाली बताया।
होटल में रूकी थी महिला
पुलिस को 5 सितंबर को सूचना मिली थी कि एक होटल में एक संदिग्ध महिला रुकी हुई है। इस पर रोहिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से शुरुआती पूछताछ की। मामला आबूरोड सदर थाना क्षेत्र का था, इसलिए आबूरोड सदर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। बाद में महिला को थाने लाकर पूछताछ की गई और उसे सिरोही के वन स्टॉप सखी सेंटर में रखा गया।
वापस भेजने के लिए बीएसएफ से संपर्क किया
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को सिरोही की जिला विशेष शाखा और संबंधित एजेंसियों ने मिलकर महिला से पूछताछ की। इस संयुक्त पूछताछ (JIC) में महिला ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया। अब उसे बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल के सीमा सुरक्षा बल, गृह विभाग और इंटेलिजेंस ब्यूरो से संपर्क किया जा रहा है।


