
PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-जालोर में करंट लगने से मां-बेटे की मौत हो गई। युवक पंखा चलाने गया था। इस दौरान करंट लग गया। बेटे के करंट लगता देख मां भी दौड़ती हुई आई और वो भी करंट की चपेट में आ गई। हादसा सांचौर के इंदिरा कॉलोनी में बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ।
मृतक के भाई कालूराम ने बताया कि बुधवार रात को रतनाराम गाडलिया लोहार (37) पंखा चालू करने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान उसे तेज करंट लगा और वो पंखे के चिपक गया। बेटे को बचाने के लिए मां सतीदेवी (65) दौड़कर आईं। जैसे ही उन्होंने बेटे को छूने का प्रयास किया, वो भी करंट की चपेट में आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरा बेटा मां से मिलने गया तो चला पता
रतनाराम, छोटा भाई महेंद्र और उसकी मां अलग घर में रहते है। जबकि रतनाराम के अन्य भाई अलग अपने-अपने घरों में रहते है। दूसरा बेटा कालूराम देर रात को मां से मिलने के लिए उनके घर गया तो भाई रतना राम पंखे के चिपका हुआ था। वहीं, भाई के पास मां भी बेसुध पड़ी थी। जिसके बाद उसने दूसरे परिवार के लोगों को घटना की जानकारी देकर बुलाया और दोनों को अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक दोनों की
मौत हो गई थी।कालूराम ने बताया कि रतनाराम वेल्डिंग का काम करता था। वो शादीशुदा था, लेकिन शादी के कुछ वक्त बाद पत्नी उसको छोड़ कर चली गई। ऐसे में घर रतनाराम, सतीदेवी और छोटा भाई महेंद्र रहते थे। बुधवार देर रात को मां बेटा दोनों घर पर अकेले थे। रतना राम का छोटा भाई महेंद्र रात को काम पर गया हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही सांचौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


