
PALI SIROHI ONLINE
सांचोर-सांचौर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर की शुरुआत हो गई है। सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, उपखंड अधिकारी प्रमोद कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।
विधायक जीवाराम चौधरी ने कहा कि यह केंद्र घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं को सहायता और न्याय दिलाने में मददगार साबित होगा। उन्होंने साथिनों से इस योजना का व्यापक प्रचार करने का आग्रह किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू ने बताया कि पहले महिलाओं को मदद के लिए 140 किलोमीटर दूर जालोर जाना पड़ता था। अब सांचौर में ही सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पुलिस विभाग की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।
सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग योगेंद्र देथा के अनुसार, यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे खुला रहेगा। यहां महिलाओं को मुफ्त कानूनी सहायता, पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधा, परामर्श और अस्थाई आवास मिलेगा।
कार्यक्रम में प्लान संस्थान के निदेशक धन्नाराम परिहार, महिला सुरक्षा केंद्र की सलाहकार सोनिया नामदेव, केंद्र प्रबंधक तरुणा दवे समेत 42 महिलाएं और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। जेंडर स्पेशलिस्ट द्रौपदी भंडारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।


