• March 24, 2026

सांचौर-नशीली दवाइयों के साथ मेडिकल संचालक गिरफ्तारः एएनटीएफ ने बोगस ग्राहक बनाकर की कार्रवाई, कई बड़े कारोबारी रडार पर

PALI SIROHI ONLINE

सांचौर-सांचौर शहर में अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री के खिलाफ एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने माँ लक्ष्मी मेडिकल एंड जनरल स्टोर पर दबिश देकर 5328 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद कीं और आरोपी गिरीश कुमार (50 वर्ष, निवासी दादावाड़ी सांचौर) को गिरफ्तार कर लिया।एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया- जालोर टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मेडिकल स्टोर पर अवैध तरीके से नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री हो रही है। सूचना के आधार पर टीम सांचौर पहुंची और पहले आसूचना संकलन कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।

बोगस ग्राहक बनाकर किया खुलासा

कार्रवाई को सफल बनाने के लिए टीम ने एक सदस्य को बोगस ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर पर भेजा। जब उसने प्रतिबंधित दवाइयों की मांग की तो आरोपी गिरीश कुमार ने बिना किसी वैध दस्तावेज के दवाइयां उपलब्ध करा दीं। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेर लिया

तलाशी में बड़ी मात्रा में दवाइयां बरामद

मेडिकल स्टोर की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध नशीली दवाइयां बरामद की गईं। जब्त किए गए माल में निटजासेन टैबलेट (520), अल्प्रासेन टैबलेट (4153), टीरसेन टैबलेट (49), स्पास्ट्रासेन प्लस टैबलेट (56) और एडिटैक्स एन-2 टैबलेट (550) शामिल हैं। कुल मिलाकर 5328 प्रतिबंधित टैबलेट जब्त की गईं।

नशे के नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को ये दवाइयां कहां से मिल रही थीं और इस अवैध नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कई बड़े कारोबारी रडार पर

महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अवैध नशा कारोबारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में यह मेडिकल संचालक पुलिस के हत्थे चढ़ा है। फिलहाल चार से पांच बड़े कारोबारी अभी भी एएनटीएफ की रडार पर हैं।

About The Author

You cannot copy content of this page