
PALI SIROHI ONLINE
रेवदर।भाजपा द्वारा आयोजित की जा रही देशव्यापी तिरंगा यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित को जोधपुर संभाग का समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है और उन्हें बधाइयों का तांता लग गया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश लोहार ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र गोठवाल ने संभागवार समन्वयकों की घोषणा की है, जिसमें सिरोही जिले के जीरावल निवासी नारायण पुरोहित को तिरंगा यात्रा के लिए जोधपुर संभाग का समन्वयक नियुक्त किया गया है।
पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित ने बताया कि भाजपा 13 मई से 23 मई तक ‘तिरंगा यात्रा’ आयोजित कर रही है। यह यात्रा “मजबूत और सुरक्षित भारत” के संकल्प को लेकर निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य ऑपरेशन सिंदूर की सफलता, भारतीय सेना की वीरता और देश की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों से आमजन को अवगत कराना है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति से ओतप्रोत एक जन जागरण अभियान है, जिसमें युवा, किसान, महिलाएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इसके माध्यम से भाजपा राष्ट्र के प्रति सम्मान, सुरक्षा बलों के प्रति आभार और देश की एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।