रेवदर-युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर सुसाइड किया: गले में लटका रखा था सुसाइड नोट, लिखा-लड़की से शादी नहीं होने पर कदम उठाया
PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर थाना क्षेत्र के भामरा गांव में गुरुवार को एक युवक द्वारा पेड़ से फंदा लगाकर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद रेवदर थाने के सीआई सीताराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रेवदर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
गले में मिला सुसाइड नोट
सीआई सीताराम ने बताया-युवक की पहचान डेरी (आबूरोड) निवासी कालूराम गरासिया (32) पुत्र हीराराम गरासिया के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। मृतक के गले में सुसाइड नोट मिला है। नोट में युवक ने अपनी पसंद की लड़की से शादी नहीं हो पाने की बात लिखी है। इसी कारण से यह कदम उठाने का जिक्र किया गया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। रिपोर्ट में भाई वागाराम ने बताया- सगाई नहीं होने के कारण कालूराम मानसिक रूप से दूखी था।

