PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर में सरणका खेड़ा-जीरावल रोड पर बुधवार सुबह हादसे में घायल युवक को अस्पताल लाने के बाद सरकारी एंबुलेंस ड्राइवर की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए। आरोप है कि अस्पताल परिसर में मौजूद सरकारी एंबुलेंस ड्राइवर ने घायल की हालत गंभीर बताते हुए निजी एंबुलेंस को फोन कर बुलाया। जीरावल निवासी अब्दुल खान ने इसका विरोध किया तो दोनों एंबुलेंस चालकों के बीच बहस हो गई। इसके बाद अब्दुल खान ने मामले की सूचना जिला स्तरीय चिकित्सा अधिकारी को दी।सरकारी एंबुलेंस के बावजूद निजी बुलाने का आरोप
सरणका खेड़ा-जीरावल रोड पर दुर्घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल लाया गया था। उसके साथ जीरावल निवासी अब्दुल खान भी अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान अस्पताल परिसर में खड़ी सरकारी एंबुलेंस के चालक ने निजी एंबुलेंस चालक को फोन किया। आरोप है कि घायल की स्थिति गंभीर बताते हुए निजी एंबुलेंस को बुलाने की बात कही गई।
अब्दुल खान ने निजी एंबुलेंस बुलाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों एंबुलेंस चालकों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर अब्दुल खान ने जिला स्तरीय चिकित्सा अधिकारी को इसकी सूचना देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
पहले भी गुजरात के निजी अस्पतालों में मरीज भेजने के आरोप
रेवदर अस्पताल में निजी एंबुलेंस चालकों की मौजूदगी को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ निजी एंबुलेंस चालक अस्पताल परिसर में लगातार सक्रिय रहते हैं और गंभीर मरीजों को अपने संपर्क वाले गुजरात के निजी अस्पतालों तक ले जाने का प्रयास करते हैं।
एसडीएम के निर्देश के बाद भी अस्पताल परिसर में घूमती हैं निजी एंबुलेंसनिजी एंबुलेंस चालकों की अस्पताल में मौजूदगी को लेकर पूर्व में शिकायतें मिलने के बाद एसडीएम राजन लोहिया ने निजी एंबुलेंस ड्राइवरों को अस्पताल परिसर से दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी एंबुलेंस ड्राइवर दिनभर अस्पताल परिसर के आसपास नजर आते हैं।
इनका ये कहना
मामला मेरे संज्ञान में आया है। मैंने एंबुलेंस मैनेजर को निर्देशित किया है कि एंबुलेंस एमटी द्वारा ऐसा किया गया तो इसकी जांच करके कार्रवाई करें। परिसर में निजी एंबुलेंस खड़ी रखने व संचालकों के अंदर रहने को लेकर पूर्व में मैनें प्रभारी को सख्त निर्देश दिए है कि कार्रवाई करें और अंदर खड़ी रहने नहीं दे।
डॉ. दिनेश खराड़ी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिरोही
एंबुलेंस ड्राइवर को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस खड़ी रखने वालों पर कार्रवाई के लिए चिकित्सा प्रभारी को अवगत करवाया गया है।


