PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-रेवदर क्षेत्र में कांडला हाईवे पर गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को रेवदर के राजकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पहला हादसा गुरुवार सुबह असावा मोड़ के पास हुआ। यहां एक कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में रेवदर निवासी निखिल पुत्र गंगाराम जोशी घायल हो गए।
राहगीरों ने घायल निखिल को रेवदर के राजकीय अस्पतालपहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
लूणोल बोर्ड के पास अज्ञात वाहन की टक्कर
दूसरा हादसा लूणोल बोर्ड के पास हुआ। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पेरवा निवासी हड़मत पुत्र भूराराम कोली घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें रेवदर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सड़क निर्माण के कारण वन-वे ट्रैफिक
ग्रामीणों के अनुसार, कस्बे से गुजर रहे मेगाहाइवे पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए सड़क के एक हिस्से को खोदा गया है। इससे कुछ दूरी तक वन-वे ट्रैफिक चल रहा है। भारी वाहनों के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है।
ग्रामीणों ने बताया कि वन-वे वाले हिस्से से आगे महात्मा गांधी राजकीय स्कूल तक सड़क पर बड़े गड्ढे भी हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जाम के बाद तेज रफ्तार से बढ़ रहा हादसों का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि जाम से निकलने के बाद कई वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं और आगे निकलने केलिए ओवरटेक करने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान बाइक सवार वाहन चालकों की चपेट में आ जाते हैं।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर करने और गड्डों को दुरुस्त कराने की मांग की है।


