PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-सिरोही के रेवदर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह कांडला हाईवे पर ट्रेलर, लोडिंग टेम्पो और दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे लगी बाड़ में जा गिरे। राहगीरों ने उन्हें बाहर निकालकर रेवदर अस्पताल पहुंचाया।
हादसा सुबह करीब 9:45 बजे बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।हादसे के बाद ट्रेलर और लोडिंग टेम्पो के चालक मौके से फरार हो गए।रेवदर थाने के एएसआई गणेश राम ने बताया- ट्रेलर और लोडिंग टेम्पो रेवदर से करेली की ओर जा रहे थे। वहीं, दोनों बाइक करेली से रेवदर की तरफ आ रही थीं। लोडिंग टेम्पो ट्रेलर को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान टेम्पो की बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीनों लोग उछलकर बाड़ में जा गिरे।
राहगीरों ने तीनों को बाड़ से बाहर निकाला और रेवदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने लखमाराम (67) पुत्र मूलाराम कोली निवासी करेली और अशोक गिरी पुत्र प्रताप पुरी निवासी हड़मतिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं दशरथ प्रजापत निवासी पीथापुरा घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।बिजली विभाग से रिटायर्ड थे लखमाराम
हादसे में जान गंवाने वाले लखमाराम बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी थे। बताया गया है कि उनके दो बेटों की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपनी पत्नी और दो पोतों के साथ करेली में रहते थे।मॉच्र्युरी में रखवाए शव, चालकों की तलाश
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहगीर तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव रेवदर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिए हैं और परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे के बाद फरार हुए ट्रेलर और लोडिंग टेम्पो चालकों की तलाश की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।


