PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो बाइक सवार घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए रेवदर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। एक हादसे में बाइक सवार के साथ मौजूद महिला और बच्चे को भी चोटें आई हैं।
ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार घायल
जीरावल मार्ग पर शीतला माता मंदिर के समीप ट्रक औरबाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अतुल पुत्र दिलीप आडवाणी निवासी डूंगरपुर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और घायल को उपचार के लिए रेवदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अतुल को आगे के इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर रेवदर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
कार से टकराई बाइक, तीन लोग घायल
दूसरी दुर्घटना दौलपुरा बोर्ड के पास हुई। यहां बाइक और कार की भिड़ंत में बाइक सवार तलकाराम निवासी निम्बोडा घायल हो गया। बाइक पर उसकी पत्नी गवरी और बेटा हरीश भी सवार थे। हादसे में दोनों को भी सामान्य चोटें आईं। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से तीनों को रेवदर अस्पताल लाया गया। उपचार के बाद तलकाराम को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि महिला और बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया।


