PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र में कांडला हाईवे पर बुधवार शाम एंबुलेंस और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एंबुलेंस ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा करोटी पुल के पास शाम करीब 6:15 बजे हुआ।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे करोटी निवासी भरत कोली ने मानवतादिखाते हुए घायल ड्राइवर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान वासन निवासी शहजाद खान पुत्र शरीफ के रूप में हुई है। भरत कोली ने बिना समय गंवाए शहजाद को रेवदर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए।नाक और सिर के आसपास गंभीर चोट, हायर सेंटर रेफर
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल शहजाद खान का प्राथमिक उपचार किया। नाक और सिर के आसपास गंभीर चोटें होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर ली घटना की जानकारी
हादसे की सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल हुकमाराम तुरंत रेवदर अस्पताल पहुंचे और घायल व परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर ड्राइवर के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।




