PALI SIROHI ONLINE
रानीवाड़ा-रानीवाड़ा क्षेत्र के पाल गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया।
चोरों ने स्कूल के मुख्य ऑफिस का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर फाइलों तथा अन्य सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी बड़े सामान की चोरी की पुष्टि नहीं हुई है।
सुबह स्कूल खुलने पर प्रधानाध्यापक भागीरथराम ने ऑफिस का ताला टूटा हुआ पाया। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर एएसआई अर्जुनराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।ग्रामीणों के अनुसार, लगभग दो वर्ष पहले भी इसी स्कूल में चोरी की वारदात हुई थी, जिसमें चोर लैपटॉप सहित अन्य सामान चुरा ले गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे उनमें नाराजगी है।
लगातार दूसरी बार स्कूल को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और विद्यालय में स्थायी चौकीदार की नियुक्ति की मांग की है।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।


