वरकाणा दृढ़ इरादों से सफलता निश्चित मिलती है – जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित
PALI SIROHI ONLINE
वरकाणा दृढ़ इरादों से सफलता निश्चित मिलती है – जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित
नगराज वैष्णव
रानी वरकाणा। श्री पार्श्वनाथ जैन विद्यालय, वरकाणा में आयोजित चार दिवसीय सैन्य प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामान्य जीवन की कठिन परिस्थितियों में दृढ़ विश्वास और मजबूत इरादों के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, धैर्य एवं मानसिक दृढ़ता के साथ जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही मातृभाषा, हिन्दी, अंग्रेजी तथा एक अन्य विदेशी भाषा सीखने पर बल देते हुए कहा कि यह जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान विशिष्ठ अतिथि कर्नल धनाराम सियाग ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन के पाँच महत्वपूर्ण संदेशों—“God is always with me ”, today is my day ”, “I am a winner”, “I am the best” और “I can do it”—पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रचारक नारायण लाल ने विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर अध्ययन करने एवं हर परिस्थिति में संतुलित रहने की सीख दी। विकास अधिकारी नारायण सिंह राजपुरोहित ने समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मानसिक दृढ़ता को सफलता की कुंजी बताया।
पूर्व प्रधान और सरपंच प्रतिनिधि ठाकुर सुल्तान सिंह ने सैन्य प्रशिक्षण को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में प्रशासक दिनेश चौधरी ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि कुल 210 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें 63 बालिकाएं शामिल रहीं तथा एनसीसी की टुकड़ियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
समारोह के दौरान 1971 के शहीद जोधाराम सीरवी की वीरांगना हिरकी देवी को परेश मोहनलाल जैन सादड़ी द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 48 विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम स्कूल और एसडीएस बदामिया कॉलेज के संयोजन से संपन्न हुआ ।
इस अवसर पर फ्लाइंग ऑफिसर नारायण सिंह जोधा , सूबेदार मेजर मूलाराम भाटी, लेफ्टिनेंट पेमाराम चौधरी, सार्जेंट मोतीलाल देवासी, सार्जेंट नरपत सिंह राठौड़, सूबेदार पुखराज चौधरी, हवलदार प्रदीप चौधरी, नायक बाबूलाल राव सिपाही नारायण सिरवी सहित अनेक पूर्व सैनिक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संस्था अध्यक्ष बाबूलाल मंडलेशा एवं सचिव भरत परमार ने आभार व्यक्त किया।
समापन वंदे मातरम् के साथ हुआ, तत्पश्चात बैंड एवं एनसीसी के साथ जनरल नरपत सिंह एवं पूर्व सैनिकों द्वारा शहीद जोधाराम के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में सीए नथमल गांधी, अमिता गांधी, डॉ. सचेंद्र बोहरा प्राचार्य , प्रधानाचार्य सुनीत चतुर्वेदी, शारीरिक शिक्षकों में नितिन सिंह, भंवरसिंह, प्रकाश पवार, गणपत जांगिड़, हनवंत सिंह, विक्रम सिंह, रघुवीर सिंह और हेमलता चौधरी सहित विद्यालय एवं कॉलेज के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।


