PALI SIROHI ONLINE
रानी मेन बाजार से शांतिपूर्वक निकला मोहर्रम का जुलूस
नगराज वैष्णव
रानी नगर में मोहर्रम का जुलूस शुक्रवार को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। जुलूस में ताजिया कमेटी के नेतृत्व में अखाड़ों ने पारंपरिक करतब दिखाए तथा ढोल-ताशों की गूंज के साथ जगह-जगह विश्राम करते हुए आगे बढ़े। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा “या हुसैन” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
जुलूस पुलिस थाने के पास, जैन मंदिर, मीरा गारमेंट, ललित स्टोर, प्रताप बाजार ओवरब्रिज, राजधानी मिठाई एवं जेबी अरोड़ा के बाहर से होकर निर्धारित मार्ग पर निकला। विभिन्न स्थानों पर ताजिया कमेटी एवं सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई।
प्रताप बाजार में ताजिया कमेटी की ओर से प्रशासन तथा कार्यवाहक मजिस्ट्रैट तहसीलदार मोहनलाल राठौड तथा सी आई थानेदार रानी आनन्द सांखला, चैयरमेन प्रतिनिधि तथा पार्षद सुनील बैरवा , प्रतिपक्ष नेता इलियास चढ़वा, पार्षद जोघाराम कुमावत का साफा पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं रानी नगरपालिका की ओर से ताजिया कमेटी के पदाधिकारियों का साफा पहनाकर सम्मान किया गया। जेबी अरोड़ा के बाहर आयोजित स्वागत समारोह में भी जुलूस का भव्य स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेय की व्यवस्था की गई।
मोहर्रम के जुलूस के दौरान पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिससे नगर में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देखने को मिला। रानी मे पहली बार महिलाए व बच्चीयो ने तलवार बाजी तथा लाठी से अखाडा प्रदर्शन किया ! हिन्दू समाज के लोगो ने आस्ता के रूप मे प्रसादि वितरण कि गई !


