• April 24, 2026

रानी में न्यू मामा जी टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, मालिक हुआ बेहोश, उपचार जारी

PALI SIROHI ONLINE

नगराज वैष्णव

रानी में न्यू मामा जी टेंट गोदाम में भीषण आग, मालिक कमलेश कुमार बेहोश
रानी–फालना–सादड़ी फायर ब्रिगेड ने 2 घंटे में पाया काबू, लाखों का नुकसान

रानी (पाली)
रानी नगर में स्थित न्यू मामा जी टेंट के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा टेंट व अन्य ज्वलनशील सामान धू-धू कर जलने लगा।

घटना के दौरान आग की भयावह लपटें देखकर टेंट मालिक कमलेश कुमार घबरा गए और बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही रानी थानेदार आनंद सांखला व एएसआई ओटाराम मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित कर राहत कार्य में सहयोग किया।

आग बुझाने के लिए रानी, फालना और सादड़ी से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल कर्मियों की सतर्कता से आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोका जा सका।
इस दौरान आग बुझाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अहम भूमिका निभाई। सरपंच कालू सिंह और नरेश आगीरी ने मौके पर पहुंचकर दमकल टीम के साथ समन्वय किया और राहत कार्य में सहयोग दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में रखा टेंट, कपड़ा व अन्य सामग्री जलकर राख हो गई, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। हालांकि नुकसान का सही आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है। पुलिस व संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

प्रशासन की अपील:
प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे गोदामों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

You cannot copy content of this page