PALI SIROHI ONLINE
रायपुर मारवाड़ (ब्यावर)-ब्यावर जिले की रायपुर थाना पुलिस ने एक ट्रेलर से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। इस दौरान 125 पेटी बीयर और 56 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके साथ ही एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई। संदिग्ध ट्रेलर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी केदौरान ट्रेलर से 125 पेटी बीयर और 56 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही शराब और ट्रेलर को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ब्यावर जिले के अतितमण्ड पदमपुरा पुलिस थाना हल्का साकेत नगर निवासी त्रिलोक सिंह (22) पुत्र डूंगरसिंह के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी त्रिलोक सिंह शराब के अवैध परिवहन के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। ब्यावर एसपी रतन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

