PALI SIROHI ONLINE
निंबज-रायपुर गांव के मोमाजी मंदिर में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में यहां दस बार से ज्यादा चोरियां हो चुकी हैं। एक भी वारदात का खुलासा नहीं हुआ।
गांव में डर है। गुस्सा भी है। पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात चोरों ने रायपुर गांव के हड़मतिया रोड स्थित मोमाजी मंदिर में फिर सेंधमारी की। चोर मंदिर परिसर में घुसे। सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की सप्लाई काट दी। इसके बाद तीन स्टोर रूम के ताले तोड़े। चोर मंदिर के मुख्य दरवाजेतक पहुंच गए। मुख्य दरवाजा तोड़ने की कोशिश की व सफलता नहीं मिली। दीवार फांदने का प्रयास भी किया। इसमें भी कामयाब नहीं हुए। रविवार सुबह पुजारी मंदिर पहुंचा। उसने ग्रामीणों को वारदात की सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौका मुआयना किया।
आंदोलन की चेतावनी दीः ग्रामीणों ने बताया कि रायपुर के मोमाजी मंदिर के साथ पहले महादेवजी मंदिर में भी चोरी की वारदात सामने आ चुकी है। हर बार पुलिस को सूचना दी गई। लिखित रिपोर्ट भी दी गई। फिर भी दस से अधिक चोरियों में एक भी घटना का खुलासा नहीं हुआ। रविवार को ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि इस बार भी चोरी का राज नहीं खुला तो आंदोलन करना पड़ेगा। पुलिस ने जांच कर खुलासा करने का आश्वासन दिया।


