PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पिंडवाड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई की। मोरस रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक थार जीप से 897 ग्राम अफीम का दूध जब्त कर आरोपी बाड़मेर निवासी लोकेंद्र सिंह (20) पुत्र मेहताब सिंह को गिरफ्तार कर जीप जब्त की।
एसपी डॉक्टर अजेय सिंह राठौड़ ने बताया कि डीएसपी राहुल कुमार और थानाधिकारी चेल सिंह की निगरानी में नाकाबंदी चल रही थी। सूचना मिली कि एक थार जीप चला रहा युवक हाईवे का रास्ता पूछ रहा है। पूछताछ में युवक घबरा गया और जवाब नहीं दे सका।
शक होने पर तलाशी ली गई तो गाड़ी में छिपाकर रखा अफीम का दूध मिला। आरोपी ने बताया कि वह उदयपुर से अफीम का दूध लेकर बाड़मेर जा रहा था। मालेरा के आगे पुलिस को देखकर उसने गाड़ी तेज भगाई, जिससे संतुलन बिगड़ गया।
वह गाड़ी झाड़ियों में छोड़कर अफीम का दूध लेकर पहाड़ी की तरफ भाग गया। पुलिस ने लोकेंद्र सिंह को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में जितेंद्र सिंह, लोकेश कुमार, अभय सिंह, नारायण लाल और सुरताराम की भूमिका रही।




