PALI SIROHI ONLINE
पिंडवाड़ा | अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार शाम मालगाड़ी (रेक) में सीमेंट लोडिंग के दौरान मजदूरों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। पुलिस के अनुसार केशवगंज निवासी प्रवीण कुमार (35) ठेकेदार के तहत लोडिंग लीडर के रूप में काम करता है। शाम करीब 5:30 बजे नाश्ता करने जाते समय सहकर्मी भारमाराम गरासिया ने उससे पानी भरकर लाने को कहा। इस पर कहासुनी हुई।
आरोप है कि भारमाराम ने चाकू से प्रवीण के पेट, हाथ और पैर पर कई वार किए। हमले से बचने के लिए प्रवीण ने करीब 15 फीट ऊंची रेक से छलांग लगा दी। अन्य मजदूरों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को पहले पिंडवाड़ा राजकीय अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


