
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाकिस्तान की जेल में करीब 28 महीने की जेल काटकर आने वाले 24 साल के गेमराराम ने पाली में सुसाइड कर लिया। वह यहां एक लोहे की फैक्ट्री में काम करता था। कमरे पर उसका शव फंदे पर लटका मिला। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने परिजनों का शव सौंपा।
फैक्ट्री के कमरे में लटका मिला
पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र के जाडन चौकी प्रभारी रामनिवास ने बताया कि बाड़मेर जिले के कुम्हारों का ढेबा निवासी 24 साल का गेमरा राम पुत्र जामाराम थाना क्षेत्र के जाडन के निकट स्थित लोहे की फैक्ट्री में पिछले करीब एक साल से काम कर रहा था। सोमवार को फैक्ट्री में बने कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मौके पर पहुंचे और मृतक की बॉडी पाली के बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाई। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक का शव उसके परिजनों को सौंपा। युवक ने सुसाइड क्यों किया इसको लेकर जांच चल रही है।
जानें- कैसे पाकिस्तान पहुंचा था गेमराराम
गेमराराम भारत-पाक बॉर्डर से सटे गांव कुम्हारों का टीबा का रहने वाला है। गेमराराम का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 4 नवंबर 2020 की रात वह गर्लफ्रेंड से मिलने उसके घर गया था। तभी प्रेमिका के परिजनों ने उसे देख लिया। यह देखकर गेमरा राम घबरा गया। डर के मारे भागते हुए भारत-पाक की सरहद पर बनी तारबंदी पार कर पाकिस्तान चला गया था। जहां पाक रेंजर्स ने उसे अरेस्ट कर लिया था। करीब 28 महीने बाद पाक जेल से यातना झेलने के बाद 14 फरवरी 2023 को गेमरा राम की पाकिस्तान से भारत वापसी हुई थी। मृतक के गांव से भारत-पाकिस्तान सीमा 2 किलोमीटर से ज्यादा दूर नहीं है।
पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ था मामला
बता दें कि गेमरा राम के खिलाफ बाड़मेर के बीजराड़ थाने में जनवरी 2021 में पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज किया गया था। भारत लौटने के बादल गेमरा से भारत में संयुक्त जांच एजेंसियों ने पूछताछ की। उसके बाद उसे बीजराड़ थाना पुलिस को सौंप दिया। बीजराड़ थाना पुलिस ने उसे पोस्को एक्ट में गिरफ्तार भी किया था।
गुजरात और फिर पाली आया काम करने
पोस्को एक्ट में गेमरा राम को जेल जाना पड़ा था। जेल से रिहा होने के बाद वह पहले गुजरात काम करने गया लेकिन वहां मन नहीं लगा तो एक महीने बाद ही वापस आ गया और करीब एक साल पहले पाली के जाडन के निकट स्थित लोहे की फैक्ट्री में मजदूरी पर लगा था।