PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में बुधवार रात करीब 8 बजे पाली-उदयपुर मेगा हाईवे पर गुड़ा नारकान गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में सोडावास निवासी 25 साल के चुन्नीलाल मेघवाल गंभीर घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वे सोनाईमांझी गांव में मजदूरी का काम करने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जवान बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम है और परिजन उसकी सगाई की तैयारी कर रहे थे।काम से गांव लौटते समय हुआ हादसा
पाली जिले के सोडावास गांव निवासी 25 साल के चुन्नीलाल पुत्र भलाराम मेघवाल मजदूरी का काम करते थे।
बुधवार को उन्होंने सोनाईमांझी गांव में काम किया था। काम पूरा करने के बाद शाम को बाइक लेकर अपने गांव सोडावास के लिए रवाना हुए थे।
रात करीब 8 बजे पाली-उदयपुर मेगा हाईवे पर गुड़ा नारकान गांव के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
कई फीट हवा में उछले, सिर में लगी चोट
टक्कर इतनी तेज थी कि चुन्नीलाल बाइक से उछलकर कई फीट हवा में गए और नीचे गिर गए। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। हॉस्पिटल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।
जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम
चुन्नीलाल की उम्र महज 25 साल थी। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।परिजन चुन्नीलाल की सगाई की तैयारी कर रहे थे, ताकि बेटे का समय पर विवाह हो सके। परिवार में सगाई और शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन सड़क हादसे में बेटे की मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया।
जब बूढ़े पिता को बेटे की सड़क हादसे में मौत की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। चुन्नीलाल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे।
