PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले में शुक्रवार रात अखावास और सिनला गांव के बीच ट्रेक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ।
घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद पाली के बांगड़ हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों के शव मारवाड़ जंक्शन हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाए गए हैं।घटना को लेकर मृतकों के परिजन विरोध जता रहे हैं, जिन्हें पुलिस समझाने का प्रयास कर रही है।
सिर में गंभीर चोट लगने से दो युवकों की मौत
मारवाड़ जंक्शन थाने के एसएचओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे अखावास-सिनला गांव के बीच एक बाइक ट्रेक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में पाली जिले के पांचवा (शिवपुरा) गांव निवासी 25 साल के राजूराम पुत्र श्यामलाल और जोड़ गांव (मारवाड़ जंक्शन) निवासी 23 साल के महेंद्र पुत्र किशनलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं।
दोनों की मौत हो गई।
वहीं पांचवा गांव निवासी 19 साल का शंकर पुत्र रामलाल गंभीर घायल हो गया।
घायल शंकर को प्राथमिक उपचार के बाद पाली के बांगड़ हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
मॉच्र्युरी के बाहर परिजनों ने जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह मृतकों केपरिजन मारवाड़ जंक्शन हॉस्पिटल पहुंचे। जहां उन्होंने घटना को लेकर विरोध जताया। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से समझाइश करने में जुटी हुई है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव मारवाड़ जंक्शन हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

