पाली-साली से कहा-बच्चों का ध्यान रखना, खुद को गोली मारी, मौत
PALI SIROHI ONLINE
सोजत-शिवपुरा क्षेत्र के सुरायता गांव में मंगलवार सुबह श्मशान घाट के पास 40 साल के भैराराम बावरी का शव मिला। खोपड़ी बिखरी हुई थी, जिसमें चार छरें धंसे हुए थे। मौके पर एक बंदूक, टार्च व माचिस मिली।
मृतक 11 मार्च की रात को घर से निकला था। सीओ सोजत रतन देवासी ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि 11 मार्च की रात को भैराराम का पत्नी से झगड़ा हुआ था। रात करीब 11 बजे वह गांव में रहने वाली अपनी साली के पास गया था। उस समय वह शराब के नशे में था और साली से बोला था कि मैं वापस नहीं आऊंगा, मेरे बच्चों का ध्यान रखना। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर्स ने शव छह से सात दिन पुराना बताया है। ऐसे में माना जा रहा है कि घर से निकलने वाली रात को ही भैराराम ने कहीं सेबंदूक लेकर गर्दन से सटा कर फायर कर दिया। भैराराम के चार बच्चे हैं।
एएसपी जयसिंह तंवर, सोजत सीओ रतनाराम देवासी और शिवपुरा थाना अधिकारी भंवरलाल बिश्नोई मौके पर पहुंचे। मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट और फॉरेंसिक साइंस लैब टीम को भी बुलाया। मेडिकल बोर्ड से पीएम करा शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि मृतक बंदूक कहां और किससे लाया था। बंदूक का लाइसेंस है या नहीं।

