PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर में बाइक सवार रिटायर्ड फौजी को बीच रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके बाद रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू की है।
पक्षियों को दाना देने जा रहे थे
पुलिस ने बताया कि जिले के गुड़ा केसरसिंह निवासी 57 साल के रिटायर्ड फौजी गणपतसिंह पुत्र भोपालसिंह शनिवार शाम को बाइक लेकर पक्षियों को दाना देने जा रहे थे। इस दौरान गुड़ा अखेराज के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। इलाज के लिए उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन और परिचित भी बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे।
इकलौता बेटा वह भी फौज में
मृतक का इकलौता बेटा प्रहलाद सिंह भी आर्मी में है। वर्तमान में वह दिल्ली में तैनात है। इस हादसे की खबर सुनकर वह भी गांव के लिए रवाना हुआ। इधर पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।




