PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली निगम का चुनाव रोचक हो गया है। यहां मेयर पद के लिए बीजेपी-कांग्रेस के अलावा 3 निर्दलीय और 1 कांग्रेस की बागी ने ताल ठोकी है। गुरुवार को स्क्रूटनी के बाद भी न तो नामांकन खारिज हुआ न ही किसी ने बीजेपी-कांग्रेस को समर्थन दिया।
अब कांग्रेस की बागी राजबाला हिंगड़ के पति और कांग्रेस से पूर्व सभापति रहे प्रदीप हिंगड़ का बयान आया है। उन्होंनेकहा- मेरे साथ कुठाराघात हुआ है, सिंबल के लिए घुमाया गया। प्रदेश स्तर से राजबाला हिंगड़ का नाम भेजा गया था। पाली में गड़बड़ हुई है, मेरे साथ बेईमानी हुई इसलिए अब राजाबाला हिंगड़ महापौर का चुनाव निर्दलीय लड़ेगी। मेरे पास बहुमत जुटाने लायक पार्षद हैं। 21 सितंबर के बाद पत्ते खोलूंगा, मेरे पास सारे सबूत हैं।
उन्होंने भीमराज भाटी के भाई से मारपीट मामले पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि साल का 25 लाख टैक्स भरने वाला 20 हजार की लूट करेगा क्या
बोले- प्रदेश से मेरी पत्नी का नाम फाइनल हुआ था
पूर्व सभापति हिंगड़ ने दावा किया- मैं प्रदेश स्तर के नेताओं से लगातार संपर्क में था। उन्होंने कहा था कि राजबाला हिंगड़ का नाम महापौर के तौर पर भेजा है। गड़बड़ यहां पाली में हुई है, सिंबल के लिए 3 बजे तक घुमाया गया। जब टाइम पूरा हो गया उसके बाद तो कुछ होने से रहा।
‘टिकट बांटे नहीं बिके हैं’
पूर्व सभापति ने आरोप लगाते हुए कहा कि पार्षदों के टिकट बांटे कम बिके ज्यादा हैं। वरना कांग्रेस 41 सीट लाती। उन्होंने दावा किया कि 12 टिकट बेचे गए। पूर्व में भी इसको लेकर आरोप लग चुके है। शहर की जनता ने मुझे देखकर वोट दिए और कांग्रेस को जिताया। अब मेरे साथ गलत हुआ है, विश्वासघात हुआ है। इसलिए अब पार्टी को दिखाने के लिए पत्नी राजबाला को निर्दलीय चुनाव लड़ाऊंगा। ताकि दिखा सकूं कि जब किसी के साथ गलत होता है तो क्या होता है। वरना मेरा पार्टी के खिलाफ जाने का मन नहीं था।
बोले- विधायक के भाई से कोई मारपीट नहीं हुई
हिंगड़ ने विधायक भीमराज भाटी के भाई के साथ मारपीट के मामले में खुद का नाम आने की बात पर कहा- लक्ष्मीनारायण भाटी के साथ मारपीट नहीं की गई। CCTV फुटेज चेक कर लीजिए, स्थिति साफ हो जाएगी। अगर मारपीट साबित हो जाती है तो जैसा पार्टी कहेगी वैसा कर लूंगा, महापौर का फॉर्म भी वापस ले लूंगा। यह जरूर है कि सिंबल वाली थैली जरूर लेकर गए थे। ताकि 3 बजे से पहले सिंबल जमा करवा सके। लेकिन तब तक टाइम खत्म हो गया। रही बात 20 हजार रुपए लूटने की तो साल का 25 लाख रुपए टैक्स भरने वाला 20 हजार रुपए की लूट करेगा क्या।


