PALI SIROHI ONLINE
पाली पंचायत चुनाव प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया का प्रशिक्षण रविवार को
पाली पंचायत समिति परिसर में सुबह 11 बजे लगेगा प्रबोधन शिविर, बीएलएमटी देंगे आवश्यक जानकारी
पाली, 10 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सुविधा के लिए रविवार को आयोजित होने वाले प्रबोधन प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को शनिवार को अंतिम रूप दिया गया। शिविर में ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर (बीएलएमटी) द्वारा विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी जाएंगी।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत चुनाव) एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पाली पंचायत समिति परिसर में रविवार को प्रातः 11 बजे प्रबोधन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर परमेश्वर उपाध्याय, राजेन्द्र सिंह, लक्ष्मणराम एवं मुकेश जागरीवाल प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं के बारे में प्रशिक्षित करेंगे।
नामांकन से जुड़े प्रावधानों की मिलेगी जानकारी – प्रशिक्षण शिविर में प्रत्याशियों को नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, नामांकन के साथ प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों, विभिन्न प्रकार के प्रपत्रों को भरने के तरीके तथा निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण नियमों और प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही चुनाव लड़ने के लिए निर्धारित योग्यता एवं अयोग्यता, निर्वाचन क्षेत्राधिकार सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर भी विस्तार से मार्गदर्शन किया जाएगा।
शंकाओं का करेंगे समाधान -शिविर के दौरान प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराने के साथ ही नामांकन से संबंधित उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्याशी निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार अपने नामांकन पत्र तैयार कर प्रस्तुत कर सकें तथा दस्तावेजों की कमी अथवा प्रक्रिया संबंधी त्रुटियों के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।




