PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में सोमवार शाम को मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल ने एक आदेश जारी कर बांगड़ हॉस्पिटल और एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में लगे 35 नर्सिंगकर्मियों को कार्यमुक्त कर दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह संविदा पर लगे सभी नर्सिंगकर्मी एक साथ बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी पीड़ा बताई।
इस दौरान नर्सिंगकर्मी केसरसिंह ने बताया- वे साल 2022 से और उनकी पत्नी सुनिता कंवर साल 2023 से बांगड़ हॉस्पिटल में नर्सिंगकर्मी लगे हुए थे। सैलेरी महज आठ हजार थी। सोचा की स्थाई हो जाएंगे। इस उम्मीद से कम सैलेरी में भी हम दोनों काम करते रहे, लेकिन अब एक आदेश निकालकर हमें कार्यमुक्त कर दिया गया। ऐसे में हम बेरोजगार हो गए है। हमारा एक छोटा बच्चा भी है। मेरी उम्र 35 साल हो गई है ऐसे में अब हमें रोजगार कौन देगा।
शहर छोड़कर यहां किराए पर रहे, अब बेरोजगार
जालोर की रहने वाली भानूप्रिया ने बताया कि वह और उनके पति नारायणलाल दोनों यहां संविदा पर नर्सिंगकर्मी लगे हुए थे। हमारा सलेक्शन होने पर जालोर छोड़कर पाली आकर किराए के मकान में रहे। दो बच्चे है। एक आदेश के बाद हमें कार्यमुक्त कर दिया गया है। अब दोनों पति-पत्नी बेरोजगार हो गए है। ऐसे में हम बच्चों को कैसे पालेंगे।
चार महीनों से सैलेरी नहीं मिली
विरोध कर रही कृष्णा शर्मा ने बताया कि 150 नर्सिंगकर्मी संविदा पर लगे हुए है। पहली लिस्ट में 35 जनों को कार्य मुक्त किया गया है। जल्द ही शेष लोगों को भी हटा दिया जाएगा। चार महीने से सैलेरी बकाया है। पीएफ भी नहीं कटता था। 15-15 हजार रुपए का सभी से डीडी लिया लेकिन वह भी वापस नहीं मिला।
नए नर्सिंगकर्मियों ने ज्वाइंन किया
इस मामले में बांगड़ हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार ने बताया- मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. दिलीप सिंह चौहान ने एक आदेश जारी कर संविदा पर 35 नर्सिंगकर्मियों को कार्यमुक्त कर दिया है। उनकी जगह नए भर्ती हुए नर्सिंगकर्मियों ने ज्वाइन कर लिया है। हॉस्पिटल का किसी तरह का काम प्रभावित नहीं होगा।

