PALI SIROHI ONLINE
परशुराम महादेव मेले की व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक निर्देश जारी
पाली, 4 अगस्त। जिले के तहसील देसूरी के कस्बा सादड़ी क्षेत्र स्थित अरावली पर्वत की तलहटी में 18 एवं 19 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले श्री परशुराम महादेव मेले को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला मजिस्ट्रेट डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने मेले के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था, यातायात, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सफाई, अग्निशमन, सड़क मरम्मत तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेला अवधि में मौके पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट, देसूरी को मेला अधिकारी एवं तहसीलदार, देसूरी को सहायक मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही उपखण्ड मजिस्ट्रेट देसूरी को संपूर्ण मेला व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। तहसीलदार बाली को कुण्डधाम से अमरगंगा परशुराम महादेव स्थल तथा तहसीलदार देसूरी को करवा सादड़ी-हंजावाय-परशुराम महादेव के संपूर्ण मार्ग की व्यवस्थाओं का दायित्व सौंपा गया है।
जिला प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों से समन्वय रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए हैं। अत्यधिक बारिश अथवा अन्य असहज परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।


