PALI SIROHI ONLINE
पाली। पाली शहर के सोसायटी नगर स्थित आयुष मेडिकल एंड जनरल स्टोर पर औषधि नियंत्रण विभाग ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान यहां एनडीपीएस और शेड्यूल H-1 श्रेणी की दवाओं का अवैध भंडारण मिला। विभाग ने करीब 10 हजार रुपए कीमत की दवाएं जब्त कर सील कर दीं और उनके सैंपल जांच के लिए भेज दिए। मामले की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खरीद के बिल नहीं दिखा सका संचालक
औषधि नियंत्रक भरत गोस्वामी ने बताया कि औषधि नियंत्रण अधिकारी माधव सिंह और दिनेश कुमार सुथार ने निरीक्षण के दौरान जब इन दवाओं के खरीद बिल मांगे तो फर्म संचालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जांच में यह भी सामने आया कि एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं का विक्रय फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में, बिना डॉक्टर की पर्ची और बिना बिल जारी किए किया जा रहा था।
नशे में दुरुपयोग की शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
विभाग के अनुसार, क्षेत्र में इन दवाओं के नशे के रूप में दुरुपयोग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर मेडिकल स्टोर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। कार्रवाई के दौरान करीब 10 हजार रुपए की एनडीपीएस घटक युक्त दवाओं को सील किया गया और संदेह के आधार पर उनके नमूने जांच के लिए लिए गए।
जांच के बाद होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
भरत गोस्वामी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि औषधि नियंत्रक, जयपुर और जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिले में एनडीपीएस घटक युक्त दवाओं के दुरुपयोग और अवैध बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। दोषी पाए जाने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल स्टोर संचालकों से विभाग की अपील
सहायक औषधि नियंत्रक ने जिले के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की कि वे एनडीपीएस श्रेणी की दवाएं केवल वैध बिल से खरीदें और डॉक्टर के विधिवत प्रिस्क्रिप्शन पर बिल सहित ही बेचें, ताकि इन दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

