PALI SIROHI ONLINE
फालना। फालना स्थित सैलो कंपनी में तीन दिनों से जारी मजदूरों का धरना समाप्त हो गया है। कंपनी प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधिमंडल के बीच सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया। प्रशासनिक अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।
भूख हड़ताल की दी थी चेतावनी
कंपनी की विभिन्न यूनिटों के मजदूर मंगलवार देर रात से अपनी मांगों को लेकर कंपनी के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कंपनी के बाहर धरना दिया था। मजदूरों की मुख्य मांगों में वेतन वृद्धि, उनके हक की पूरी मजदूरी का भुगतान और सरकारी नियमों के तहत मिलने वाले अन्य लाभ शामिल थे। इन मांगों को लेकर कई दौर की वार्ताएं पहले असफल रही थीं।
धरने पर बैठे मजदूरों ने आज सुलह न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया। उपखंड अधिकारी बाली और डिप्टी बाली ने एक प्रतिनिधिमंडल को कंपनी के अंदर बुलाकर वार्ता के लिए पहल की। इस दौरान थाना अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
शाम होते-होते उपखंड अधिकारी दिनेश बिश्नोई, डिप्टी पारसराम चौधरी, कंपनी प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सभी मांगों पर सहमति बनी।
वेतन बढ़ाने पर कंपनी ने आश्वासन दिया
हालांकि, वेतन वृद्धि की मांग पर तत्काल सहमति नहीं बन पाई। कंपनी की ओर से आश्वासन दिया गया है कि इस मांग पर भी जल्द ही सहमति बन जाएगी और इसका समाधान किया जाएगा।

