PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली नगर निगम में महापौर पद के चुनाव की तस्वीर अब साफ हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। कुसुम सोनी, पुष्पा सोमनानी और राशिदा बानो के नाम वापस लेने के बाद अब महापौर पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। तीनों ने नाम वापस लेने का कारण अपने पक्ष में पर्याप्त राजनीतिक समीकरण नजर नहीं आना बताया।अब महापौर पद के लिए कांग्रेस की सुमित्रा जैन, भाजपा की नमिता बुबकिया और निर्दलीय राजबाला हिंगड़ के बीच मुकाबला होगा। 21 सितंबर को नगर निगम के निर्वाचित पार्षद महापौर के लिए मतदान करेंगे। कांग्रेस की बागी राजबाला के मैदान में रहने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। निर्दलीय प्रत्याशी राजबाला हिंगड़ को ‘सोफा’ चुनाव चिन्ह मिला है। वहीं उपमहापौर पद के लिए मेहबूब टी दो नामांकन फॉर्म ले गए।टिकट नहीं मिलने पर राजबाला मैदान में उतरीं
राजबाला हिंगड़ कांग्रेस से महापौर पद की दावेदारी कर रही थीं, लेकिन पार्टी ने सुमित्रा जैन के नाम पर मुहर लगा दी। इसके बाद राजबाला ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया।
इस मामले में पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ ने आरोप लगाया था कि जयपुर कांग्रेस मुख्यालय से उनकी पत्नी राजबाला हिंगड़ के नाम पर सिंबल आया था, लेकिन पाली में गड़बड़ी कर दी गई। उन्होंने इसे कार्यकर्ता के साथ धोखा बताते हुए कहा था कि राजबाला अब निर्दलीय मैदान में उतरकर अपनी ताकत साबित करेंगी।
छह प्रत्याशियों ने दाखिल किए थे नामांकन
रिटर्निंग अधिकारी एवं नगर निगम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि महापौर पद के लिए छह प्रत्याशियों की ओर से कुल 10 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए गए थे। गुरुवार को सभी नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। इसके बाद सभी छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। शुक्रवार को तीन प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद अब मुकाबला तीन प्रत्याशियों के बीच रह गया है।


