PALI SIROHI ONLINE
*पाली में नकली मावा मिलने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई*
*पाली शहर के केशव नगर स्थित मावा भंडार के गोदाम पर जांच, 500 किलो से अधिक संदिग्ध मावा जब्त, विभिन्न मिठाइयां भी मिलीं*
पाली, 28 अक्टूबर 2026/ दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पाली की खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को पाली शहर के केशव नगर क्षेत्र में स्थित चौधरी मावा भंडार के गोदाम पर कार्रवाई करते हुए जांच की।
नकली मावा होने की सूचना एवं मिलावट की आशंका के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 500 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध मावा जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। मावे के साथ गोदाम में अलग-अलग प्रकार की मिठाइयां भी बरामद हुईं।
कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा टीम ने गोदाम में रखी खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। त्योहार के दौरान मावा एवं मावे से बनी मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा जांच की गई। गोदाम में मिले संदिग्ध मावे को जांच के लिए जब्त किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनकी स्थिति एवं संभावित मिलावट से संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक नमूना संग्रहण, परीक्षण तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव डॉ गोवर्धन प्रजापत भी मौजूद रहे।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए निगरानी एवं जांच गतिविधियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग का उद्देश्य आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने आमजन से अपील करता है कि मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और विश्वसनीयता का विशेष ध्यान रखें। किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट का संदेह होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




