PALI SIROHI ONLINE
*पंचायतीराज आम चुनाव-2026: मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी पंच एवं सरपंच पदों की मतगणना*
पाली, 23 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंच एवं सरपंच पदों के निर्वाचन के लिए मतपेटियों के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना की जाएगी।
मतगणना रिटर्निंग अधिकारी की देखरेख एवं निर्देशन में संपन्न होगी। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मतगणना के लिए दो अलग-अलग दल गठित किए जाएंगे। प्रथम दल सरपंच पद तथा द्वितीय दल पंच पद की मतगणना का कार्य संपादित करेगा।
मतगणना प्रारंभ करने से पूर्व सभी मतदान बूथों की मतपेटियां मतगणना केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाएगा। पंच पद के लिए गुलाबी तथा सरपंच पद के लिए सफेद मतपत्रों की छंटनी कर 50-50 मतपत्रों के बंडल बनाए जाएंगे। पंच पद के मतपत्रों की वार्डवार तथा सरपंच पद के मतपत्रों की बूथवार संख्या दर्ज कर मतदान के दौरान डाले गए मतों की संख्या से मिलान किया जाएगा। इसके पश्चात उम्मीदवारवार, नोटा सहित, मतों की छंटनी कर वैध एवं अवैध मतों का निर्धारण किया जाएगा।
अवैध घोषित मतपत्रों का अलग बंडल बनाकर पुनः अवलोकन किया जाएगा तथा उन्हें खारिज करने का कारण अंकित कर रिटर्निंग अधिकारी द्वारा हस्ताक्षर किए जाएंगे। मतगणना के दौरान जीत का अंतर कम होने तथा किसी अभ्यर्थी द्वारा पुनर्गणना का आग्रह किए जाने पर रिटर्निंग अधिकारी उचित समझने पर पुनर्गणना करवा सकेंगे। मतगणना पूर्ण होने के साथ ही पंच एवं सरपंच पद के परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा परिणाम संबंधित विवरणी प्ररूप-7 में दर्ज किए जाएंगे। परिणाम घोषित होने के बाद संबंधित पद के अन्य अभ्यर्थियों को मतगणना केंद्र पर रुकने की अनुमति नहीं होगी। निर्वाचित प्रतिनिधियों को निर्धारित प्ररूप-11 में शपथ दिलाई जाएगी तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर उनसे हस्ताक्षरित प्राप्ति रसीद प्राप्त की जाएगी।




