PALI SIROHI ONLINE
*खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सैंपलिंग से रोकने पर नाथू ट्रेडर्स के विरुद्ध FIR दर्ज*
*नया गांव, पाली स्थित प्रतिष्ठान पर राजकीय कार्यवाही में बाधा का मामला; मिर्ची, हल्दी एवं तेल के नमूने जांच के लिए भेजे*
पाली, 21 अक्टूबर 2026/
खाद्य पदार्थों की जांच एवं नमूनाकरण की राजकीय कार्यवाही में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पाली शहर के नया गांव स्थित नाथू ट्रेडर्स के विरुद्ध FIR दर्ज करवाई गई है। यह कार्रवाई सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार प्रतिष्ठान पर खाद्य पदार्थों के नमूनाकरण की कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी को रोकने के मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपेश मीणा, ओमप्रकाश बिदासर एवं नितेश कंसारा द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज करवाई गई। इसके पश्चात प्रतिष्ठान से मिर्ची, हल्दी एवं तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्यवाही की गई।
*राजकीय कार्यवाही में बाधा बर्दाश्त नहीं: सीएमएचओ*
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों की जांच एवं नमूनाकरण विभाग की महत्वपूर्ण राजकीय कार्यवाही है। इसमें बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
*‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई जारी*
डॉ. मारवाल ने बताया कि ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत पाली जिले में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, नमूनाकरण एवं मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए विभागीय टीमों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।




