PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में डीएनटी के धरने में राजकार्य में बांधा पहुंचाने और हाईवे जाम करने के मामले में गिरफ्तार किए गए 6 लोग मंगलवार 17 दिन बाद कोर्ट के आदेश पर रिहा हुए। उनके जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने गले मिलकर स्वागत किया। फूलमालाओं से लादकर कंधों पर उठाकर स्वागत किया।
इस दौरान डीएनटी राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह देवासी ने कहा- सरकार ने डीएनटी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर वादाखिलाफी की है। इससे हम डरते नहीं है। डीएनटी अपने हक के लिए अब और बुलंद आवाज उठाएगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा- 10 फरवरी को जयपुर में शहीद स्मारक पर विधानसभा घेराव करेंगे। अपने हक के लिए आवाज उठाएंगे। इस दौरान डीएनटी के प्रदेशाध्यक्ष रतननाथ सहित कई लोग मौजूद रहे।
बता दें कि जिले के गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के बालराई गांव के पास 7 नवंबर 2025 को अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर डीएनटी से जुड़े लोग धरने पर बैठे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में हल्की झड़प भी हुई थी। मामले में वार्ता के बाद डीएनटी ने धरना समाप्त कर दिया था।
5 दिसम्बर को हुई वार्ता में सरकार ने 78 लोगों पर किए गए केस को वापस लेने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को इनकी गिरफ्तारी पर कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई।

